शास्त्रों एवं पुराणों में रथयात्रा की बड़ी महिमा बतायी गयी है. आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से आरम्भ होने वाले उड़ीसा प्रान्त के इस नौ दिवसीय महोत्सव को "आड़प दर्शन" कहते हैं. ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति भगवान् के नामों का कीर्तन करता हुआ इस रथयात्रा में सम्मिलित होता है, उसे मृत्यु उपरान्त नर्क के दुःख नहीं भोगने पड़ते हैं, सीधे वैकुण्ठ लोक की प्राप्ति होती है.वस्तुतः जगन्नाथ धाम की महिमा का वर्णन कर पाना लेखनी के वश के बाहर है. प्रश्न उठता है कि इस पवित्र अलौकिक रथयात्रा में भगवान् श्रीकृष्ण के साथ उनकी अभिन्न शक्ति श्रीराधा अथवा श्रीरुक्मिणीजी न होकर भ्राता बलराम और बहन सुभद्रा को क्यों स्थान दिया जाता है ? इनकी मूर्तियाँ अपूर्ण क्यों हैं और क्यों होती है यह रथयात्रा ?इस सम्बन्ध में पुराणों में कथा मिलती है- "एक समय द्वारिकाधाम में भगवान् श्रीकृष्ण रात्रि शयन करते हुये स्वप्नावस्था के दौरान अचानक से " हा राधे ! हा राधे !! " पुकारते हुये करुण-क्रंदन करने लगे. यह देख रुक्मिणी और सत्यभामा सहित उनकी सभी महारानियाँ अचम्भित हो उठीं. उन्होंने प्रभु के उठने पर अपनी जिज्ञासा शान्त करनी चाही, परन्तु श्रीकृष्ण द्वारा समुचित उत्तर न पाने की दशा में महारानियों ने श्रीबलरामजी की माता रोहिणीजी से राधा-कृष्ण के उस दिव्य प्रेम के सम्बन्ध में जानने की इच्छा जतायी, जिसे रुक्मिणी और सत्यभामा जैसी महारानियों का सच्चा प्रेम पाकर भी श्यामसुन्दर भूल नहीं सके.महारानियों की इच्छा सुन माता रोहिणी ने कहा- " यद्यपि मैं ब्रज में घटित सम्पूर्ण लीलाओं से भिज्ञ हूँ परन्तु एक माता होने के नाते अपने पुत्र की गुप्त लीलाओं का उदघाटन करना कदापि शोभा नहीं देता. इसलिए हे पुत्रियों ! मुझे क्षमा करो." पर सत्यभामाजी के हठ के आगे माता रोहिणी को विवश होना पड़ा.माता द्वारा पुत्रवधुओं से पुत्र की गुप्त-लीलाओं का व्याख्यान कहीं पुत्र को लज्जित न कर दे,यह सोच सुभद्राजी को द्वार पर द्वारपालक बनाकर नियुक्त किया गया, ताकि कथा-वर्णन के दौरान कोई भी कक्ष में प्रवेश न कर सके, बलराम और श्रीकृष्ण भी नहीं. विधि का विधान, इधर कथा आरम्भ हुयी और उधर बलराम-श्रीकृष्ण माता रोहिणी से कुछ वार्ता करने हेतु निकल पड़े. अन्तःपुर पहुँचने पर सुभद्राजी ने माता की आज्ञा बताते हुये दोनों भ्राताओं को प्रवेश करने से रोका. माता की आज्ञा सुन दोनों भाई बाहर तो रुक गये परन्तु कक्ष के अन्दर चल रहा कथा प्रसंग उनके भी कर्णों तक पहुँचा. पूर्वकाल में घटित घटनाओं के व्याख्यान सुन श्रीकृष्णचन्द्र राधारानी का स्मरण करते हुये स्वसंवेद अवस्था में लीन हो गये. वहीं, दोनों की विरह-अवस्थाओं ने बलरामजी को इतना मर्माहत किया कि उनकी स्थिति भी अचेतावस्था तक जा पहुँची. राधा-कृष्ण के इस परम दिव्य प्रेम-वैचित्र्यावस्था का वर्णन सुन देवी सुभद्रा का भी अपने ह्रदय पर कोई अंकुश न रह सका और वह भी अपने दोनों भ्राताओं के सदृश निश्चल, निर्वाक, स्पंदन-रहित अवस्था को प्राप्त हो गयीं.इसी समय देवर्षि नारद का आगमन हुआ, वे दोनों भ्राताओं और बहन की ऐसी अवस्था देख हतप्रभ रह गये. अचेतावस्था से उबरने पर तीनो ने देवर्षि से क्षमा माँगी कि अपने महाभाव में लीन होने के कारण वे उनका आगमन न जान सके और अभिनन्दन करने से वंचित रह गये. इसपर देवर्षि नारद ने इस क्षण को स्वयं का सौभाग्य बताते हुये भगवान् से प्रार्थना की कि,जिसप्रकार आज मैं आप तीनो का एक साथ दर्शन कर धन्य हुआ मेरी अभिलाषा है कि ठीक उसीप्रकार इस भुवनमण्डल के समस्त जनसाधारण इन मूर्तियों के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य बनायें.प्रभु ने देवर्षि की अभिलाषा को सहर्ष स्वीकार करते हुये "तथास्तु !" कहा.युग बदले और विधि ने एक नवीन योजना बनायी. कलियुग का आरम्भ हुये अभी कुछ ही वर्ष व्यतीत हुये थे. श्रीजगन्नाथजी के दर्शन की आकांक्षा रखने वाले मालवनरेश इन्द्रद्युम्न सपरिवार नीलांचल के समीप निवास करते हुये भगवद साधना में लीन रहा करते थे, तभी एक दिन समुद्र में एक बहुत बड़ा काष्ठ बहते-बहते तट पर आ लगा. राजा ने उसे निकलवाकर उससे जगन्नाथ-मूर्ति का निर्माण करवाने का निश्चय किया.इसी समय एक वृद्ध काष्ठकार के रूप में स्वयं श्रीविश्वकर्मा वहाँ उपस्थित हुये और उन्होंने अपने गुणों से राजा को परिचित करवाते हुये मूर्ति निर्माण की ज़िम्मेदारी सम्भाली. किन्तु,इस शर्त के साथ कि "जबतक मैं मूर्ति-निर्माण के कार्य में संलग्न रहूँ कृपया कोई भी मेरे कक्ष का द्वार न खोले और न ही मुझसे किसी प्रकार का सम्पर्क करने की चेष्टा करे.यदि ऐसा किया गया तो मैं मूर्तियों के निर्माण को अधूरा ही छोड़कर चला जाऊँगा."राजा इन्द्रद्युम्न ने शर्त स्वीकार करने में कोई आपत्ति नहीं जतायी और मूर्ति-निर्माण आरम्भ हुआ. वर्तमान के गुंडीचा मंदिर के स्थान पर एक भवन में विश्वकर्माजी को यह कार्य करते हुये बिना अन्न-जल ग्रहण किये कई दिन बीत गये परन्तु भवन का द्वार जस का तस बंद ही रहा. इस पर महारानी को शंका हुयी कि इतने दिनों में कहीं बिना कुछ खाए-पीये उस वृद्ध पुरुष के प्राण-पखेरू उड़ तो नहीं गये. महारानी की शंका पर सहमती जताते हुये राजा इन्द्रद्युम्न ने शर्त को तोड़ते हुये भवन के द्वार को खुलवा दिया.परिणाम स्वरुप काष्ठकार तो अदृश्य हो गया परन्तु श्रीजगन्नाथजी, सुभद्राजी और बलरामजी की अपूर्ण काष्ठ प्रतिमाएँ मिलीं. ग्लानी से भर उठे राजा सोच में पड़ गये कि इन अपूर्ण मूर्तियों का क्या किया जाये ? तभी आकाशवाणी हुयी कि "स्वयं विश्वकर्मा द्वारा निर्मित इन प्रतिमाओं को उनके इसी स्वरुप के साथ स्थापित करो. कलि-काल में इनकी आराधना भक्तों को वैकुण्ठ लोक की प्राप्ति कराने का हेतु बनेंगी." राजा इन्द्रद्युम्न ने ऐसा ही किया और वह स्थान भविष्य में गुंडीचा मंदिर के नाम से विख्यात हुआ.ऐसी मान्यता है कि द्वारिकाधाम में एक बार सुभद्राजी ने नगर भ्रमण करना चाहा.स्वास्थ लाभ ले रहे भगवान् द्वारिकाधीश ने इस अवसर को भ्राता बलराम की सलाह पर स्वास्थ हेतु और भी उपयुक्त माना. अतः निकल पड़े तीनो भाई-बहन अलग-अलग रथों में सवार होकर नगर-भ्रमण करने के लिए. इसी घटना को स्मारक मानते हुये प्रति वर्ष उड़ीसा के पुरी नगर में रथयात्रा उत्सव की परिकल्पना रची गयी और यह भक्ति का एक नया आयाम बना.इस भौतिकतावाद के युग में घोर संघर्ष में डूबते-उतराते मानव के लिए, रथयात्रा का पावन महोत्सव परम कल्याणमय एवं मोक्षदायक है,इसमें कोई संदेह नहीं.विविध धर्म-सम्प्रदाय के लोगों का एकजुट होकर इस महान आयोजन को सफल बनाना इस बात का संकेत करता है कि धर्म और मज़हब की दीवारें राजनीतिक गलियारों में चाहे जितना दम भर लें, "वसुधैव कुटुम्बकम" की परिभाषा हरगिज़ व्यर्थ नहीं है.* लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
Disclaimer & Content Authority Note :
इस ब्लॉग पर उपलब्ध समस्त रचना-संग्रह लेखक की मौलिक-कृति है, जिनका एकमात्र उद्देश्य हिन्दी साहित्य को बढ़ावा देना है, न कि किसी व्यक्ति, धर्म, समुदाय, सम्प्रदाय, राजनीतिक अथवा सामाजिक संगठन की भावनाओं और आत्म-सम्मान को ठेस पहुँचाना या उनका प्रचार-प्रसार करना। किसी भी लेख के संदर्भ में हम वास्तविकता या प्रमाणिकता का दावा नहीं करते हैं।
The entire contents on this blog are self-written by author, whose only purpose is to contribute in Hindi literature. We do not intend to hurt the sentiments & self-respect of any individual, community, sect, religion or political - social organization. In other side , we distinctly disaffirm to their advertisement & promotion.In respect of any article we do not claim to reality & authenticity.
Showing posts with label गद्य साहित्य. Show all posts
Showing posts with label गद्य साहित्य. Show all posts
जय जगन्नाथ ! ( रथयात्रा का रहस्य )
श्रीराम-भक्त हनुमान के पुत्रत्व का रहस्य
'श्रीराम चरित मानस' में गोस्वामी तुलसीदासजी ने कहा है- 'राम तें अधिक राम कर दासा।' यह बात पवनपुत्र श्रीहनुमानजी पर पूर्णतया चरितार्थ होती है. विचार करें तो परम ब्रह्म श्रीराम से भी अधिक उनके लाडले सेवक श्रीहनुमानजी की आराधना होती है. क्योंकि, पवनपुत्र में आस्था रखनेवाले तो मिलते ही हैं, श्रीराम के परम उपासक जो अपने आराध्य की कृपादृष्टि पाना चाहते हैं वे भी सर्वप्रथम केसरीनन्दन के ही चरणों में शीश नवाते हैं. स्वयं गोस्वामीजी का जीवन-चरित इस बात का एक बड़ा उदाहरण है.सद्गुणों के भण्डार, अतुलित बलशाली, बाल-ब्रह्मचारी, संगीत विशारद, ज्ञानियों में अग्रगण्य, दैवीय गुणों के भण्डार, भगवान श्रीराम के परमप्रिय श्रीबजरंगबली शास्त्रों में वर्णित आठ चिरंजीवियों में प्रमुख व कलियुग के प्रधान देवता के रूप में श्रीरामकथा के प्रचारक बनकर आज भी अजर और अमर हैं. उन्हें माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त है-'अजर-अमर गुननिधि सुत होहू।करहि बहुत रघुनायक छोहु।।'ऐसे भक्तराज हनुमानजी की जयंती वर्ष में दो बार मनाने की परम्परा वर्षों से चली आ रही है. कल्प-भेद की मान्यताओं के अनुसार एक कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी को और दूसरी चैत्र-पूर्णिमा को. यद्यपि श्रीहनुमानजी के परम पावन चरित से सम्पूर्ण धार्मिक जनता अवगत है, परन्तु यदि यह पूछा जाये कि वह किसके पुत्र हैं तो इसका उत्तर बताना सरल नहीं है. कहीं उन्हें शंकर सुवन कहा गया है, तो कहीं केशरी नन्दन या फिर कहीं पवनपुत्र. 'हनुमान चालीसा' में एक ही पंक्ति में दोनों सम्बोधन मिलते है. यथा-'संकर सुवन केसरी नन्दन, तेज प्रताप महा जग बंदन।'इसी 'हनुमान चालीसा' में उन्हें पवनपुत्र भी कहा गया है-'पवन तनय संकट हरण, मंगल मूरति रूप।'पुत्र रूप में श्रीहनुमानजी के परिचय की यह विलक्षणता सचमुच बहुत ही तात्विक रहस्य लिये हुये है. गोस्वामीजी ने अपने मानस में चार घाटों की कल्पना की है- ज्ञान, भक्ति, कर्म और शरणागति. इन्हीं चारों के परिप्रेक्ष्य में श्रीहनुमानजी के लिये ये सम्बोधन किये गये हैं. ज्ञानघाट के आचार्य हैं भगवान शंकर. मानस में उन्हें विश्वास का मूर्तिमान स्वरूप बताया गया है-'भवानी शंकरौ वंदे श्रद्धा विश्वासरूपिणौ।'भक्ति का आधार है विश्वास. भोलेनाथ के एकादश रुद्र के रूप में माता अंजना के गर्भ से जन्में हनुमानजी जहाँ कहीं भी विश्वास की समस्या आती है उसका समाधान करते हैं. श्रीरामकथा के एक प्रसंग में माता सीता की खोज में वन-वन भटकते श्रीराम-लक्ष्मण को अपने भवन के समीप आते देख वानरराज सुग्रीव की इस शंका, कि कहीं इन वीर पुरुषों को मेरे भ्राता बाली ने तो नहीं भेजा है मेरा वध करने के लिये, का समाधान भी तभी सम्भव हो पाता है जब अपनी बुद्धिचातुरी से हनुमानजी सत्य का पता लगाने हेतु विश्वासपात्र की भूमिका निभाते हैं. जिस सुग्रीव के भाग्य ने पत्नी, राजपाट, धन-सम्पत्ति सभी कुछ उनका छीन लिया, उन्होंने हनुमानजी पर अपना यह विश्वास सदा बनाये रखा कि यह मंगलमूर्ति ही उनके एकमात्र संकटमोचन हैं. इसी विश्वास का परिणाम था कि भाग्य ने उनका जो कुछ उनसे छीना था, वह सभी कुछ उन्होंने पुन: प्राप्त कर लिया.माता सीता की खोज से लेकर संजीवनी बूटी लाने तक या फिर लंका विजय से लेकर कुरुक्षेत्र में वीर अर्जुन के रथ की ध्वजा लहराते रहने तक समस्त घटनाक्रम विश्वास के बलबूते अन्याय पर न्याय की विजय का चित्र उपस्थित करते हैं. वर्तमान में भी भक्तों का अपने भगवान के प्रति विश्वास ही उन्हें विपरीत परिस्थितियों से जूझने की शक्ति प्रदान करता है. जिनके नामोच्चारण मात्र से भय दूर हो जाते हैं, विश्वास की ऐसी प्रतिमूर्ति शंकर सुवन बन इस जगत में पूजित हैं.बिना विश्वास के भक्ति नहीं और भक्ति बिना भगवान नहीं. विश्वास रूपी हनुमानजी के आशीष से भक्ति स्वरूपा माता सीता के प्रति श्रद्धा रखने वाला व्यक्ति श्रीराम अर्थात परम सुख-शान्ति को प्राप्त न कर सके ऐसा हो ही नहीं सकता. भक्त और भगवान के बीच दूरी उत्पन्न करती है - माया. प्रभु ने अपनी लीला द्वारा जगत को यह संदेश प्रेषित किया है. माया से कंचनमृग बने मारीच का प्रसंग इसी संदेश का वाहक है. जिसप्रकार मायावी मृग के शिकार की लालसा सीता और राम को पृथक कर देती है, ठीक उसीप्रकार साधारण मनुष्य प्रतिदिन एक नये मोह के चलते अपने कर्मों का रथ मोक्षद्वार की ओर ले जाने की बजाये सांसारिक कुचक्रों में फँसाये रहते हैं.श्रीराम को भगवान न मानने वाले अक्सर पूछते हैं कि यदि वह भगवान थे, तो फिर उन्हें मायावी मृग के वास्तविक रूप का पता क्यों नहीं चल सका? क्यों उन्हें साधारण मनुष्यों की भाँति पत्नी वियोग के दंश झेलने पड़े? जवाब है, जो केवल अपने हित के बारे में सोचे वह भगवान की पद्वी को कैसे धारण कर सकता है? निश्चित ही प्रभु चाहते तो मारीच की उस माया का तत्काल अन्त कर सकते थे, किन्तु ऐसा न कर उन्होंने माया के वशीभूत होने के परिणाम कितने भयावह सिद्ध हो सकते हैं समाज को यह शिक्षा देनी चाही, जिस हेतु यह लीला करनी आवश्यक थी. प्रभु की इस लीला में सहायिका बनकर माता सीता ने भी श्रीराम की आवाज में छली मारीच द्वारा 'हा लक्ष्मण!' पुकारने पर लक्ष्मणजी को रघुवर की सहायता करने के लिये वन में जाने का आदेश दिया. माँ की यह लीला बताती है कि अपने वीर पति के बल पर संदेह करने वाली स्त्री किसप्रकार अनायास सुखों से वंचित हो सकती है.दूसरी ओर यही माँ सीता अशोक वाटिका में पति की विरह व्यथा से व्याकुल होकर अशोक वृक्ष से अपने दु: ख बाँटती हैं. एक जड़ को अपने दु: ख सुनाना उनके इस विश्वास की ओर इशारा करता है कि क्या पता कब यह वृक्ष किसी माध्यम से उनकी चिन्ताओं का अन्त कर दे. उनका यह विश्वास उन्हें धोखा नहीं देता. श्रीहनुमानजी समुद्र लाँघकर लंका पहुंचते हैं और इसी अशोक वृक्ष की डालियों पर बैठकर श्रीराम नाम अंकित प्रभु की मुद्रिका माता के सम्मुख गिराते हैं व श्रीराम कथा का पवित्र पावन गान और राम-सुग्रीव मिलन के घटनाक्रम सुनाकर देवी सीता के मन में अपने प्रति विश्वास उत्पन्न करते हैं. बजरंगबली के ओजस्वी वचन सुन जनक नन्दिनी के मन में श्रीराम की शक्ति पर जो अविश्वास पंचवटी में उत्पन्न हुआ था, पूर्ण रूप से मिट जाता है. जिसके बाद, एक ऐतिहासिक युद्ध में त्रिलोक विजयी रावण पर महान विजय प्राप्त कर राम और रमा का पुनर्मिलन होता है. यह असम्भव कार्य तभी सम्भव हो सका, जब हनुमान नामक विश्वास रणक्षेत्र में सदा साथ-साथ था. समस्त आशाओं पर खरा उतरते हुये शंकरसुवन सिद्ध करते हैं कि उनका यह नाम कितना सार्थक है.पवन तनय के रूप में श्रीहनुमानजी का परिचय तब मिलता है, जब सुग्रीव उन्हें श्रीराम-लक्ष्मण की जानकारी लेने के लिये भेजते हैं. यहाँ एक ज्ञानी ब्राह्मण का वेष धारण कर वह पवनसुत के रूप में कर्मयोग की शिक्षा देते हैं. कर्मयोग का रहस्य यही है कि व्यक्ति कर्म करे और कर्ता दिखायी न दे. जिसप्रकार पवन सबको जीवन देता है, परन्तु स्वयं अदृश्य रहता है, श्रीहनुमानजी पवनपुत्र के रूप में अपने को छिपाये रखते हैं. जब श्रीराम कहते हैं-'आपन चरित कहा हम गाई। कहहु विप्र निज कथा सुनाई।। 'तब हनुमानजी अपने विषय में बतलाते हैं-'एक मंद मैं मोहबस कुटिल हृदय अज्ञान।पुनि प्रभु मोहि बिसारे दीनबन्धु भगवान।।'हनुमानजी की बात सुनकर प्रभु मुस्कुराते हुये कहते हैं- 'हनुमान! संसार में एक ऐसी भी वस्तु है जिसके साथ 'मंद' शब्द जोड़ दिया जाये तो उसका महत्व अत्यधिक बढ़ जाता है. वह है, 'पवन'.सीतल मंद सुरभि बह बाउ। हरषित सुर संतन मन चाउ।।अत :, तुमने अपने को मंद कहकर सुस्पष्ट कर दिया कि तुम पवनपुत्र हो. सच्चे अर्थों में कर्मयोगी हो.'संसार में जन्म लेने वाला प्राणि सर्वप्रथम अपने सांसारिक पिता के नाम से जाना और पहचाना जाता है, अत: कपिश्रेष्ठ वानरराज केशरी का पुत्र होने के कारण श्रीहनुमानजी का नाम केसरीनन्दन स्वत: ही विख्यात हो गया. विभीषणजी से भेंट होने के समय बजरंगबली उन्हें अपना यही परिचय देते हैं.रामकथा के विविध प्रसंगों में सीतारामजी ने भी केसरीनन्दन को पुत्र कहकर अपना स्नेह प्रकट किया है. यथा, माता सीता की कही वाणी-'सुनु सुत करहिं विपिन रखवारी।'तथा, भक्तवत्सल श्रीराम द्वारा बोला गया वाक्य-'सुनु सुत तोहि उरिन मैं नाहीं।'इसप्रकार, ज्ञानयोगी, भक्तियोगी और कर्मयोगी के रूप में अपना परिचय देने के बाद श्रीबजरंगबली अंत में शरणागति का आश्रय लेकर अपने आराध्य के पुत्र बन जाते हैं. जिसके पश्चात, शंकर सुवन, केशरी नन्दन, पवनपुत्र और अयोध्यापति के पुत्र के रूप में श्रीहनुमानजी के पुत्रत्व का रहस्य प्रकट हो जाता है.लेखक: गौरीशंकर श्रीवास्तव "दिव्य"संशोधनकर्ता: आशुतोष श्रीवास्तव
श्रीराम का परब्रह्मत्व
भारतीय संस्कृति में अवतारवाद का विशेष महत्व है. यद्यपि विश्व की अन्य संस्कृतियाँ पीर-पैगम्बर एवं ईश्वर की संतान आदि के रूप में अपने आराध्य का चिन्तन करती हैं, तथापि भारतीय संस्कृति के अनुसार जब-जब पृथ्वी आसुरी शक्तियों से त्रस्त हो ऊठती है तब-तब परब्रह्म परात्पर सर्वाधार परमात्मा स्वयं भक्तों के कल्याण व असुरों का दमन करने हेतु इस धरा पर अवतरित होते हैं.अवतारवाद की इस श्रृंखला में श्रीराम और श्रीकृष्ण का नाम सर्वोपरि तथा श्रद्धा के साथ लिया जाता है.जिसप्रकार 'श्रीमद् भागवत' में श्रीकृष्ण को 'कृष्णस्तु भगवान स्वयं' कहा गया है, उसीप्रकार 'महा-रामायण' में श्रीराम को 'रामस्तु भगवान स्वयं' कहा गया है। यथा-'भरण: पोषणधार: शरण्य: सर्वव्यापका।करुण: निर्मलगुणै पूर्णा रामस्तु भगवान स्वयं।।'अधिकतर विद्वतजन श्रीकृष्ण को 16 और श्रीराम को 12 कलाओं से युक्त बताते हैं. चूँकि सूर्य 12 कलाओं का अधिपति ग्रह होता है और श्रीराम सूर्यवंशी थे, जबकि चंद्रमा की 16 कलायें मानी गयी हैं और श्रीकृष्ण चंद्रवंशी थे, अत: विद्वानों ने इसी को आधार बनाकर अपने-अपने तर्क प्रस्तुत किये हैं. इसके विपरीत, गोस्वामी तुलसीदासजी ने 'गीतावली' में सभी तर्कों से ऊपर उठकर अपने प्रभु श्रीराम को 16 कलाओं से युक्त, साथ ही अग्नि-सूर्य और चंद्रमा का हेतु माना है-'बन्दउं राम नाम रघुबर को, हेतु कृतानु-भानु-हिमकर की।''राम'- यह नाम स्वयं इस बात को सिद्ध कर देता है. 'राम' शब्द निर्मित है तीन अक्षरों- र +आ +म से. इसमें आनेवाला 'रकार्' अग्नि का बीज है, जिसका गुण है अशुभ कर्मों को भस्म कर देना, इस 'रकार्' से सम्बद्ध 'आ' सूर्य का बीज है, जिसके द्वारा मोह रूपी अन्धकार नष्ट हो जाते हैं. अगला अक्षर है- 'म' अर्थात चंद्र-बीज, जो तीनों प्रकार के संतापों को मिटाकर संतोष व शान्ति रूपी शीतलता प्रदान करता है.गोस्वामीजी द्वारा श्रीराम को 16 कलाओं से युक्त मानने का एक रहस्य स्वत: ही उद्घाटित हो जायेगा, यदि हम 'राम' नाम में आने वाले अक्षरों के स्वामी अग्नि-सूर्य और चंद्र तीनों की समस्त संख्याओं का आपस में योग कर दें -3 (अग्नि) + 12 (सूर्य) + 1 (चन्द्रमा) = 16यह योगफल सिद्ध करता है कि गोस्वामीजी द्वारा श्रीराम को 16 कलाओं से युक्त मानना कदापि अतार्किक नहीं था.इसप्रकार, 'राम' नाम के चिन्तन करने मात्र से ही व्यक्ति अशुभ कर्मों से निवृत्त होकर मोह रूपी अन्धकार से बाहर निकलते हुये, संतोष व शान्ति के अथाह सागर को पलक झपकते प्राप्त कर लेता है, इसमें तनिक भी संदेह नहीं है.'राम' नाम ओंकार स्वरूप है. ग्रन्थ कहते हैं-'रामनाम्न: समुत्पन्न: प्रणवो मोक्षदायक:।'अर्थात् मोक्ष का दाता जो ओंकार है, वह रामनाम से उत्पन्न है.'अंकब्रह्म मीमांसा' के अनुसार विद्वानों ने सीता और राम को पूर्ण-परात्पर ब्रह्म सिद्ध किया है. 'अंकब्रह्म-मीमांसा' 108 के अंक को पूर्ण-ब्रह्म का स्वरूप मानते हैं. यदि सीता और राम में सम्मिलित समस्त स्वर और व्यंजन का योग करें, तो उनका सम्पूर्ण योगफल 108 आता है. यथा- 'सीता' शब्द बना है 'स+ई+त+आ' अक्षरों के योग से. इसमें, 'स' है 32वाँ व्यंजन, 'ई' है चौथा स्वर, 'त' है 16वाँ व्यंजन और 'आ' है दूसरा स्वर. जिनका सम्पूर्ण योग हुआ- 32+4+16+2 = 54.इसीप्रकार, 'राम' शब्द में 'र+आ+म' अक्षर आते हैं. इसमें 'र' है 27वाँ व्यंजन, 'आ' है दूसरा स्वर तथा 'म' है 25वाँ व्यंजन. जिनका सम्पूर्ण योग हुआ- 27+2+25 = 54.अब 'सीता-राम' दोनों नामों के सम्पूर्ण योगों को जोड़ते हैं- 54+54 = 108.इसप्रकार, 'सीता-राम' दोनों की अभिन्नता और परब्रह्मत्व सिद्ध होता है. सीता के बिना राम और राम के बिना सीता अधूरे हैं, यह बात भी उनके नामों के योगफल से सिद्ध है. यदि सीता न होतीं तो राम भी भगवान न कहे जाते और यदि राम न होते तो सीता भी सती-शिरोमणि देवी सीता बनकर समाज में शायद ही पूजित हो पातीं, इस योगफल का चमत्कार यह प्रदर्शित करता है. यही कारण है कि कभी-कभी पुरोहितजन संस्कृत भाषा में 'सीतारामाभ्याम् नम:' के स्थान पर 'सीतारामाय नम:' का उच्चारण भी करते हैं. यद्यपि संस्कृत में व्याकरण की दृष्टि से द्विवचन होने के कारण पहले वाला रूप सही है, परन्तु सीता-राम को एक ही शक्ति के दो प्रतिबिम्ब माननेवाले एकवचन का प्रयोग करते हैं, जो कि व्याकरण की दृष्टि से भले ही न सही किन्तु भक्ति की दृष्टि से पूर्णत: उचित है.यही दोनों सौम्य-मूर्ति मिलकर इस सृष्टि की रचना करते हैं. इन्हीं दोनों से सम्पूर्ण चराचर जगत व्याप्त है- 'सीयराममय सब जग जानी।'यही दोनों सांख्य के प्रकृति-पुरुष, वेदान्त के माया-ब्रह्म, तंत्र के शक्ति-शिव और वैष्णवों के श्री-विष्णु अर्थात् 'लक्ष्मी-नारायण' हैं. इनका अटूट नाता जन-जन को मुक्ति के मार्ग पर ले जाकर उन्हें सुख व शान्ति का वरदान प्रदान करता है. प्रकृति के कण-कण में समाहित इन सीतापति श्रीराम को जो कोई ब्रह्म मानने से इन्कार करता है या परम-शक्ति से भिन्न समझता है, उसके लिये तुलसीदासजी स्पष्ट लिखते हैं-"कहहिं सुनहिं अस अधम नर, असे जो मोह पिसाच।पाखण्डी हरि-पद विमुख, जानहि झूठ न साँच।।अग्य कोविद अन्ध अभागी, काई विषय मुकुर मन लागी।लम्पट कपटी कुटिल बिसेखी, सपनेहुँ सन्त सभा नहिं देखी।।कहहिं ते बेद असम्मत बानी,जिनके सूझ लाभु नहिं हानी।मुकुर मलिन अरु नयन विहीना,राम रूप देखहिं किमी दीना।।"'श्रीरामचरित मानस' के एक प्रसंग में ये वचन देवाधिदेव भगवान शंकर माता पार्वती से श्रीराम के वास्तविक स्वरूप का दिग्दर्शन कराते हुये कहते हैं. इसी प्रसंग में भोलेनाथ आगे कहते हैं-'राम ब्रह्म व्यापक जग जाना।परमानन्द परेस पुराना।।"मोक्षदायक श्रीराम की स्तुति में प्रभु का उल्टा नाम जपकर ब्रह्मर्षि का पद प्राप्त करने वाले ब्रह्मर्षि वाल्मीकि ने महापातक नाशक श्रीरामनाम की महिमा का गान करते हुये लिखा है-'चरितं रघुनाथस्य शतकोटिप्रविस्तरम्।एकैकमक्षरं पुंसां महापातक नाशनम्।।"श्रीराम की महिमा अवर्णनीय है. यदि 'अगस्त्य संहिता' में उन्हें सभी अवतारों का मूल बताया गया है, तो 'वृहदमहासंहिता' में 'साकेत लोक' का अधिपति तथा त्रिदेवों सहित समस्त देवी-देवताओं व उनके अवतारों से पूजित. 'वाराह संहिता' में श्रीहरि को 'रामांश' की संज्ञा दी गयी है-'नारायणोऽपि रामांश: शंखचक्रगदाधर:।"आनन्दसंहिता, सुन्दरीतंत्र, रामोपनिषद्, हनुमतसंहिता, हनुमदुपनिषद् तथा पराशर मुनि रचित ज्योतिष के परम प्रामाणिक ग्रन्थ 'वृहदपाराशर-होराशास्त्र' भी रघुनन्दन श्रीराम को समस्त अवतारों में सर्वश्रेष्ठ कहकर सम्बोधित करते है.श्रीराम के संदर्भ में इससे अधिक सुन्दर वर्णन कोई और क्या कर सकता है, जैसा गोस्वामी तुलसीदासजी ने वर्णित किया है-'हरिहि हरिता, विधिहि विधिता, सिवहि सिवता जिन दई।सोई जानकीपति मधुर मूरति, मोदमय मंगलमई।।जाके बल बिरञ्चि हरि ईसा।पालत सृजत हरत दससीसा।।"तथा,'सम्भु बिरञ्चि विष्णु भगवाना।उपजहि जासु अंस ते नाना।। 'आज के तत्कालीन समाज में जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी पहचान और पद की गरिमा प्राप्त करने के लिये प्रतिपल संघर्षरत है, श्रीराम की शरण और उनके आदर्शों के अनुसरण से निश्चित ही विजय के द्वार खुल सकते हैं. अन्त में, गोस्वामीजी के शब्दों में आइये मिलकर वन्दना करें-'गिरा अरथ जल बीचि सम, कहिअत भिन्न न भिन्न।बन्दउं सीताराम पद, जिन्हहिं परम प्रिय खिन्न।।'बोलो सियावर रामचन्द्र की जय !!लेखक: गौरीशंकर श्रीवास्तव "दिव्य"संशोधनकर्ता: आशुतोष श्रीवास्तव
Related Link-
रस-ब्रह्म के विग्रह : श्रीराधाकृष्ण
आदिशक्ति माँ दुर्गा का पौराणिक स्वरूप
विश्वजननि पराशक्ति श्रीदुर्गा से ही शब्द एवं सृष्टि की उत्पत्ति हुयी है. शक्ति ने जब स्फूर्ति रूप धारण किया तब परमतत्व भगवान शिव ने उसमें तेजरूप से प्रवेश किया और इसप्रकार बिन्दु का प्रादुर्भाव हुआ. इसीप्रकार, जब शिव में शक्ति का प्रवेश हुआ तब नारीतत्व या नादतत्व व्यक्त हुआ. इन्हीं दोनों तत्वों (नाद और बिन्दु) के मिलने से अर्द्धनारीश्वर रूप का प्रादुर्भाव हुआ. पुरुषत्व श्वेत एवं नारी-तत्व रक्त-वर्ण है. इन्हीं दोनों के सम्मिलन से कला की उत्पत्ति हुयी है. इस काम एवं कला तथा नाद व बिन्दु के योग से ही यह त्रिगुणात्मक सृष्टि उत्पन्न हुयी है. मूलतत्व शिव अनन्त एवं अव्यक्त हैं और सृष्टि के प्रत्येक विकास में उस शिवतत्व का आगम है. इस शिव की अजा आद्याशक्ति ही प्रकृति रूपा हैं. इस परम सत्ता को वेद भगवान ने पुरुष और स्त्री दोनों के ही रूपों में जाना. ऋग्वेद के 'नारदीय सूक्त' और 'पुरुष सूक्त' में चरम सत्ता का वर्णन 'पुरूष' रूप में लिखा गया है, किन्तु एक अन्य सूक्त में उस सत्ता का वर्णन 'स्त्री' के रूप में भी है. इसी सूक्त से ज्ञात होता है कि भगवती दुर्गा ने जगत्पिता को उत्पन्न किया है और समग्र भुवनों में प्रविष्ट होकर स्वर्ग व मर्त्यलोक के परे भी विद्यमान हैं.पुराण साहित्य में शक्तितत्व का प्रतिपादन पूर्णत: नवीन नहीं है. वस्तुत: वह वैदिकी शक्ति-साधना का विकसित रूप है, जो यहाँ मौलिक सा आभासित होता है. मत्स्य पुराण, कालिका पुराण, देवी पुराण, देवी भागवत, मार्कण्डेय पुराण, आदि महापुराण और उपपुराणों में भगवती दुर्गा के माहात्म्य का वर्णन है, जबकि कालिका पुराण, देवी पुराण, मत्स्य पुराण तथा वृहन्नान्दिकेश्वर पुराण में दुर्गापूजा की पद्धति दी गयी है. वृहन्नान्दिकेश्वर पुराण वर्तमान में उपलब्ध न होने पर भी उसमें वर्णित दुर्गापूजा की पद्धति पायी जाती है. प्रचलित मत्स्य पुराण में दुर्गापूजा-पद्धति नहीं मिलती. मार्कण्डेय पुराण में पूजा-पद्धति न होने पर भी उसमें जो देवी महात्म्य या सप्तशति स्तवन है, उसका पाठ दुर्गापूजा में आवश्यक रूप से निर्दिष्ट है. काली विलास तंत्र में शारदीय दुर्गापूजा का विस्तार से वर्णन है.अष्टादश पुराणों में मार्कण्डेय पुराण तथा देवी भागवत में बहुत ही विस्तृत रूप में शक्तितत्व का निरूपण हुआ है. ब्रह्मवैवर्त पुराण के कृष्ण जन्म-खण्ड में भी शक्ति तत्व का आभास मिलता है. मार्कण्डेय पुराण के देवी महात्म्य अथवा दुर्गा चरित में आद्याशक्ति भगवती महामाया को सभी देवताओं के शरीर से निकला हुआ तेज बताया गया है, जो एकस्थ होकर तीनों लोकों में व्याप्त हुआ एक दिव्य नारी रूप को प्राप्त करता है-"अतुलं तत्र तत्तेज: सर्वदेवशरीरजम्।एकस्थं तदभून्नारी व्यालोकत्रयं त्विषा।।"यही निखिल तेजोमयी नारी भगवती दुर्गा कहलायीं, जिनके आविर्भाव का वही प्रयोजन है जो गीता में भगवान के अवतार का प्रयोजन बताया गया है. जगदम्बा दुर्गा का यह आविर्भाव देवताओं की कार्यसिद्धि के निमित्त होता है. यथा-"देवानां कार्यसिद्धयर्थमाविर्भवति सा यदा।"मार्कण्डेय पुराण के वर्णन से स्पष्ट है कि एक ही महाशक्ति विभिन्न रूपों में अवतरित होकर नाना प्रकार की लीलाएँ किया करती हैं. महालक्ष्मी, महासरस्वती तथा महाकाली रूप में उसी परमात्मशक्ति का वर्णन देवी महात्म्य में किया गया है. वस्तुत: ब्रह्म की यह शक्ति ब्रह्म से सर्वथा अभिन्न है. इसी से ऋषि-मुनियों ने शक्तिमान परमात्मा को महाशक्ति के रूप में देखा.
देवीभागवत में आद्याशक्ति के विराट स्वरूप का बड़ा ही सुन्दर वर्णन है. गिरिराज हिमालय की प्रार्थना पर महाशक्ति ने अपना विराट स्वरूप देवताओं को दिखाया था. श्रीमद भागवत में पद्मकल्प का इतिहास संग्रहित है, जबकि देवी भागवत में सारस्वत कल्प का. प्रकृति-पुरुष के संयोग के बिना संसार नहीं चल सकता, सम्भवत: इसीलिये महर्षि वेदव्यास ने भागवत में पुरुष-तत्व का वर्णन कृष्णरूप में तथा देवी भागवत में प्रकृति-तत्व का वर्णन देवीरूप में किया है.
विविध पुराणों के अध्ययन से ज्ञात होता है कि भगवती उमा आर्य-कन्याओं की चिर-आराध्या रही हैं, इसीलिये विवाह के समय सीताजी गिरिजा-पूजन करने जाती हैं. इसीप्रकार, द्वापर युग में श्याम-प्रेयसी राधाजी सहित अन्य गोप-कन्याओं ने भी श्रीकृष्ण को पति रूप में प्राप्त करने की कामना से कालिन्दी नदी के तट पर बालू द्वारा माँ भगवती कात्यायनी की प्रतिमा का निर्माण कर पूजा-अर्चना की थी. वहीं दूसरी ओर, श्रीकृष्ण ने जब रुक्मिणी-हरण किया तब वह गिरिजा-पूजन करने ही गयी हुयी होती हैं. भागवत में इसका सुन्दर चित्र उपस्थित है.
एक ही महाशक्ति के विभिन्न स्वरूप हैं. इनमें छोटी- बड़ी की कल्पना करना अपराध सदृश है, ऐसा पुराणों ने उदघोषित किया है. अत:, जिसकी आस्था भगवती के जिसकिसी रूप के प्रति समर्पित हो, उसे उसमें ही देवी के समस्त रूपों की उपस्थिती स्वीकार कर आराधना करनी फलदायी सिद्ध होती है.
विश्व में राक्षसों के अत्याचार से पीड़ित समुदाय को मुक्ति दिलाने हेतु भगवती माँ दुर्गा का पृथ्वी पर आविर्भाव होता है. शुम्भ-निशुम्भ, महिषासुर आदि राक्षसों को पराजित करने में त्रिदेवों के भी असफल होने पर स्वयं जगदम्बा ने उन दानवों का संहार किया. यह संहार किसी जीव की बलि न होकर सूचक है मानव-मन के भीतर छुपे उन दुर्गुणों पर होने वाले विजय का, जो जाने-अंजाने हमें दिग्भ्रमित करते रहते हैं. हमारे मन के भीतर छुपे बैठे दैत्य हमें गलत दिशा की ओर उन्मुख न कर सकें इसके लिये हमें माता की छवि सर्वदा अपने मन-मस्तिष्क में विराजित रखनी चाहिये. उन ममतामयी माता की शरण निश्चित ही अपने भक्तों को मुक्ति दिलानेवाली और उन्हें सौभाग्यपथ पर अग्रसर करानेवाली होती है, इसमें तनिक भी संदेह नहीं. अन्त में, हम भी देवताओं के सुर में सुर मिलाकर जगदम्बा से यही प्रार्थना करते हैं-
"देविप्रपन्नार्तिहरे प्रसीद, प्रसीद मातर्जगतोखिलस्य।
प्रसीद विश्वेश्वरि पाहि विश्वं, त्वमीश्वरी देवी चराचरस्य।।"
* लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
नन्दगाँव-बरसाना की लट्ठमार होली
रसब्रह्म के विग्रह भगवान श्रीराधाकृष्ण की लीलाभूमि ब्रज में होली का पर्व जिस अनुपम ढंग से मनाया जाता है, उसका महत्व सम्पूर्ण भारत में सर्वोपरि है. कौन नहीं जानता ब्रज की लट्ठ्मार होली के बारे में ! जिसे वहाँ की लोकभाषा में 'हुरंग' कहते हैं. राधा की जन्मभूमि बरसाना और कृष्ण का क्रीड़ास्थल नन्दगाँव पूरे ब्रजमण्डल में होली उत्सव के प्रमुख केन्द्र रहे हैं. एक समय था, जब श्रीकृष्ण अपने सखाओं के साथ टोली बनाकर नन्दगाँव और बरसाना में होली खेलते हुये समस्त ब्रजमण्डल को आनन्द विभोर कर देते थे एवं आकाशमण्डल रंग गुलाल से आच्छादित हो उठता था. भक्तजन आज भी उसी परम्परा का निर्वाह करते आ रहे हैं.
फाल्गुन मास की शुक्ल अष्टमी से होलाष्टक आरम्भ होने पर नन्दगाँव के गोसाईं लोग भगवान श्रीकृष्ण के मन्दिर में एकत्र होकर प्रेमरस में सिक्त पदों को गाते हैं. तदनन्तर अपने इष्टदेव और प्यारे सखा श्रीकृष्ण से होलिकोत्सव प्रारम्भ करने की अनुमति माँगते हैं. अगले दिन प्रात:काल श्रीराधाजी की ससुराल नन्दगाँव के लोग धमाचौकड़ी मचाते हुये रंग अबीर की वर्षा के बीच 'प्रियाकुण्ड' में स्नान करके बरसाना के सुप्रसिद्ध श्रीलाडिलीजी (राधिकाजी) के मन्दिर में एकत्र होकर बरसानावासियों के संग फाग व रसिया गाते हैं. फिर तो रंग-अबीर की धूम मच जाती है और इन लोगों का स्वागत रंग-अबीर के साथ ही लाठियों द्वारा किया जाता है. यही यहाँ की होली की विशेषता है.
बरसाना की रंगीली गलियों से होते हुये जब होली खेलने वालों का दल निकलता है तो बरसाना की स्त्रियां अपने कोमल करों में लाठियाँ लिये उपस्थित रहती हैं. ज्योंही नन्दगाँव के पुरुष उन्हें ललकारते हैं कि ब्रज की रोमांचक होली आरम्भ हो जाती है. नन्दगाँव के पुरुष इन प्रहारों को ढालों पर रोकते हैं. कभी-कभी तो ऐसे भीषण प्रहार किये जाते हैं कि दर्शकों की भीड़ सहम जाती है, परन्तु नन्दगाँव के ये कृष्णभक्त इस लट्ठमार होली से तनिक भी विचलित नहीं होते और आनन्दमग्न हो इस पर्व की गरिमा बढ़ाते हैं. संयोगवश चोट लगने पर ब्रज की पवित्र मिट्टी इनके घावों पर लेप का काम करती है और इन्हें पुन: प्रेरित करती है पर्व में सम्मिलित होने के लिये. नियमानुसार, इस अवधि में बरसाना का पुरुष वर्ग इस उत्सव से दूरी बनाये रखता है. इसप्रकार, एक घंटे तक चली इस लट्ठमार होली में स्वयं को लाठियों से बचाकर बरसाना की स्त्रियों को रंगों से सराबोर कर देना, यही नन्दगाँव के पुरुषदल का एकमात्र उद्देश्य होता है.
दूसरे दिन बरसाना की इस लट्ठमार होली की पुनरावृत्ती नन्दगाँव में देखने को मिलती है, जहाँ गाते-बजाते रंग-अबीर उड़ाते फगुवा लेने पहुँचे बरसाना के पुरुषों पर नन्दगाँव की स्त्रियों द्वारा पूरे वेग से लाठियाँ बरसायी जाती हैं. लाठी लिये एक पंक्ति में खडी लगभग सौ स्त्रियों के समक्ष हाथ में कटीली डंडियाँ थामे पुरुषों का समूह उनसे अपनी रक्षा करता है और लाठी के प्रहार से स्वयं को बचाते हुये नन्दगाँव की स्त्रियों की काया लाल हरे पीले रंंगो में रंग कर ही घर लौटता है. इसप्रकार नन्दगाँव-बरसाने की यह लट्ठमार होली आनन्द्पूर्वक सम्पन्न होती है, जिसे देखने के लिये देश के कोने-कोने से भारी संख्या में लोग प्रतिवर्ष यहाँ पहुँचते हैं.
* लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
अर्द्धनारीश्वर प्रतिमा का मुख्य उद्देश्य
भारतीय संस्कृति में भगवान शिव के अनेक रूपों की झाँकी मिलती है. कहीं वह निर्गुण ब्रह्म के रूप में दिखाये गये हैं तो कहीं सगुण रूप में. कभी वे रौद्र रूप धारण करते हुये दृष्टिगोचर होते हैं, तो कभी सौम्य रूप. वे एक ओर सृष्टि का संहार करते हैं तो दूसरी ओर सृष्टि का निर्माण. इसीप्रकार, कहीं उनका नटराज रूप दिखायी पड़ता है, तो कहीं अर्द्धनारीश्वर रूप. एक ही मूर्ति की बायीं ओर माता पार्वती और दाहिनी ओर भगवान शिव हों तो ऐसी अद्भुत मूर्ति अर्द्धनारीश्वर के नाम से जानी जाती है.
भारतीय मूर्तीकला में भी भगवान के अर्द्धनारीश्वर रूप के दर्शन होते हैं. शिल्पकारों ने बड़ी ही तल्लीनतापूर्वक अर्द्धनारीश्वर प्रतिमा का निर्माण किया. भारतीय इतिहास में गुप्तकाल स्वर्णयुग के नाम से जाना जाता है. इसकाल में हर प्रकार की कला अपनी पराकाष्ठा पर थी, इसीलिये अर्द्धनारीश्वर की गुप्तकालीन उपलब्ध प्रतिमाएँ स्थापत्यकला की दृष्टि से बहुत उच्च कोटि की हैं. इन प्रतिमाओं में भगवान शिव के हाथों में दो वलय हैं, जबकि माता पार्वती के हाथ में केहुनी तक चूड़ियाँ भरी हुयी हैं. कण्ठाभरणों में एक ओर चपटा कण्ठा है, तो दूसरी ओर मणियों की माला. एक ओर माँ पार्वती की करधनी स्पष्ट दृष्टिगोचर होती है, तो दूसरी ओर भगवान शिव का कमरबन्द जिसे 'कायबन्धन' कहा जाता है. देवीमाँ के चरण में नूपुर है, परन्तु आदिदेव श्रीविश्वनाथ का चरण रिक्त है. महादेवि वस्त्रावृता हैं, जबकि महादेव दिगम्बर. शिवजी की लहराती हुयी जटायें और माता गौरी का संजोया हुआ केशपाश व जूड़े में गूँथी हुयी कमल की कली मूर्ति के सौन्दर्य में चार चाँद लगा देती है.
'मत्स्यपुराण' में लिखा है कि भगवान शिव के जटाभाग पर बालेन्दुकला होनी चाहिये. गुप्तकालीन अर्द्धनारीश्वर-प्रतिमा में ऐसा ही दिखाया गया है. शिवजी के कर्ण में नागकुण्डल के रूप में वासुकी होना चाहिये तथा देवीमाँ के कान में बाली. मथुरा की अर्द्धनारीश्वर-प्रतिमा में ऐसा ही दृष्य उपस्थित है. अर्द्धनारीश्वर-प्रतिमा का प्रधान उद्देश्य रहा है पुरुष व प्रकृति के एकत्व को सूचित करना, इसीलिये महाकवि कालिदास ने भी अपने अमर काव्य 'रघुवंश' का आरम्भ शिव-पार्वती की भक्ति में विभोर होकर दोनों की एकसाथ वन्दना करते हुये किया है- "वागर्थाविव संपृक्तौ वागर्थप्रतिपत्तये।
जगत: पितरौ वन्दे पार्वतीपरमेश्वरौ।।"
* लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
माता वाग्देवी सरस्वती
भारत में माता सरस्वती की उपासना सदा से होती आयी है. प्रत्येक कवि अपने काव्य के आरम्भ में ताल, लय, स्वर, राग-रागिनी आदि का प्रादुर्भाव करने वाली व सप्त स्वरों का ज्ञान प्रदान करने वाली माँ सरस्वती की वन्दना करता है. उनकी उपासना का फल है, परमतत्व को प्राप्त कर लेना. इसी फल के लिये श्रुतियाँ उन वाग्देवी की स्तुति करती हैं. जिनकी कृपा से मानव ब्रह्म तक पहुँच सकता है, मानव मात्र का परम कर्तव्य है ऐसी वात्सल्यमयी जननि की शरण होकर अपना जीवन सार्थक कर ले.
श्रीमद् देवी भागवत में जहाँ पंच प्रकृति का वर्णन आता है, वहाँ माता सरस्वती के नाम का भी उल्लेख है -
गणेश जननि दुर्गा राधा लक्ष्मी सरस्वती।
सावित्री च सृष्टिविधौ प्रकृति पंचधा स्मृता।।(श्रीमद् देवी भागवत 9/4 / 4)आद्याशक्ति पराप्रकृति के यह पाँच स्वरूप हैं, इन्हीं पर सम्पूर्ण सृष्टि निर्भर करती है.सकल कला-विद्या की जननि, वाणी-विद्या-संगीत शास्त्र की अधिष्ठात्री देवी, ब्रह्माजी के कार्य की सहयोगिनी, ज्ञान-यश प्रदायिनी, सकल ब्रह्माण्ड में सुख-सौंदर्य़ की सृजनकर्ता माता सरस्वती का वास्तविक वरदान सद्-विवेक एवं सदाचरण है, ऋषिजन ऐसा मानते हैं.ऋग्वेद में उल्लिखित देवि सरस्वती तंत्रशास्त्र में प्रसिद्ध तारादेवी के नाम से पूजित होती हैं, जो कि माता वाग्देवी का ही एक अलौकिक रूप हैं, जबकि श्रुति में इन्हें भगवती जगदम्बा कहा गया है. सावित्री और सरस्वती दो पृथक स्वरूप धारण कर इस संसार का कल्याण करती हैं. 'श्रीदुर्गा सप्तशति' के अनुसार इन्हीं देवी ने आदिशक्ति माता गौरी के शरीर से कौशिकी रूप में प्रकट होकर शुम्भ-निशुम्भ का वध किया और विश्व में सुख-शान्ति की ज्योति पुन: प्रज्ज्वलित की.प्रत्येक हिन्दू सर्वप्रथम भगवान श्रीकृष्ण द्वारा तदनन्तर ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अनन्त, धर्म, मुनीश्वर, सनकगण, देवता, मुनि, राजा और मनुगण द्वारा पूजित देवि सरस्वती की माघ शुक्ल पंचमी तिथि को की जानेवाली महा-उपासना के पर्व 'बसंत पंचमी' को विद्यारम्भ का श्रेष्ठ मुहूर्त मानते हैं. इसदिन विशुद्ध तन, मन, वचन से शास्त्रोक्त विधि द्वारा श्वेत पुष्प, श्वेत चन्दन और श्वेत वस्त्र अर्पण कर माँ की आराधना करने से श्रेष्ठ फल की प्राप्ति होती है.वेदोक्त ध्यान- जगन्माता सरस्वती का श्रीविग्रह शुक्लवर्ण का है. यह परम सुन्दरी देवी सदा हँसती रहती हैं. इनके परिपुष्ट श्रीविग्रह के समक्ष कोटि चंद्र की प्रभायें भी तुच्छ हैं. ये विशुद्ध चिन्मय वस्त्र धारण किये हुये हैं. इनके एक हाथ में वीणा है और दूसरे में पुस्तक. सर्वोत्तम रत्नो से निर्मित आभूषण इन्हें सुशोभित कर रहे हैं. प्रकृति के प्रधान देवताओं ब्रह्मा, विष्णु, शिव तथा सुरगणों से ये सदा सुपूजित हैं. श्रेष्ठ मुनि, मनु तथा मानव इनके श्रीचरणों में शीश झुकाते हैं. ऐसी जगज्जननि माता भारती देवी शारदा- सरस्वती को मैं भक्तिपूर्वक बारम्बार प्रणाम करता हूँ.
* लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
शरद की चाँदनी में श्रीकृष्ण का मनमोहक महारास
"श्रीमदभागवत" के दशम स्कंध में 29 वें अध्याय से 33 वें अध्याय तक रासेश्वर भगवान् श्रीकृष्ण की रासलीला का वर्णन किया गया है. "भागवत" के ये पाँच अध्याय "रासपंचाध्यायी" के नाम से विख्यात हैं. ये पाँच अध्याय उसके प्राण माने जाते हैं. "भागवत" वर्णित भगवान् की यह रासलीला शरद पूर्णिमा की धवल चाँदनी में रासेश्वरी श्रीराधाजी तथा गोपिकाओं के साथ सम्पन्न हुयी थी."भागवत" उल्लिखित इस रासलीला का एक रूपांतर हमें महाकवि जयदेव के "गीत गोविन्द" में भी उपलब्ध होता है, जो वसंत काल में हुआ था. सूरदास आदि परवर्ती भक्त-कवियों की रचनाओं में उपर्युक्त दोनों परम्परायें एक दूसरे में गुंथकर एक हो गयी हैं. "रास" शब्द का मूल रस है और रस स्वयं भगवान् श्रीकृष्ण ही हैं. यथा- "रसो वै सः ". जिस दिव्य क्रीड़ा में एक ही रस अनेक रसों के रूप में होकर अनन्त-अनन्त रस का समास्वादन करें, एक रस ही रससमूह के रूप में प्रकट होकर स्वयं ही आस्वादन-आस्वादक, लीलाधाम और विभिन्न आलम्बन एवं उद्दीपन रूप में क्रीड़ा करे- उसका नाम "रास" है.बंगीय वैष्णवों के कथनानुसार जिसप्रकार केंद्र में स्थित सूर्य के चारों ओर समस्त ग्रह-उपग्रह चक्कर लगा रहे हैं तथा सूर्य की आकर्षण-शक्ति इन्हें परस्पर सम्बद्ध रखकर गिरने नहीं देती, उसीप्रकार रासलीला में केन्द्रस्थ श्रीकृष्ण सूर्य की और श्रीराधिका सहित अन्य गोपिकाएँ ग्रह-उपग्रहों की संज्ञा पाते हैं.श्रीकृष्ण-भक्त महाकवि सूरदासजी के अनुसार "रास" एक गान्धर्व-विवाह है, जिसमें श्रीराधा व अन्य गोपिकाओं के साथ श्रीकृष्ण का आध्यात्मिक संयोग और सारूप्य प्राप्त होता है.कतिपय विद्वानों ने रासलीला को शाश्वत नृत्य माना है. उनके अनुसार यह विश्वनृत्य है. आकाश में व्याप्त अनन्त शब्द ध्वनियाँ डमरू की ध्वनि हैं और नटराज शिव के पद की सम-विषम गति लास्य व ताण्डव-नृत्य की उत्पत्ति करती है. नृत्य का यही मधुर शाश्वत स्वरुप रासलीला द्वारा प्रकट होता है.
कुछ आध्यात्मिक मनीषियों की दृष्टि में यह शुद्ध आध्यात्मिक क्षेत्र की क्रीड़ा है. अध्यात्म पक्ष में श्रीकृष्ण परमात्मा और श्रीराधा तथा गोपियाँ मुक्त जीवों की प्रतीक हैं, जो परमात्मा के साथ क्रीड़ा करती हैं. वृन्दावन सहस्त्रदल कमल है, यहीं आत्मा-परमात्मा का मिलन होता है. लीलामय भगवान् श्रीकृष्ण की अपनी आह्लादिनी-शक्ति एवं प्रतिबिम्बस्वरूपा गोपिकाओं के संग दिव्यक्रीड़ा को रास कहा जाता है. जनसाधारण की भाषा में इसे भगवान के विलास की इच्छा कहकर सम्बोधित करते हैं. यह बात ज्ञातव्य है कि श्रीशुकदेवजी ने "रासपंचाध्यायी" के प्रथम श्लोक में ही मनुष्य को इसे भगवान् की दिव्य लीला समझते हुये पढ़ने व श्रवण करने का निर्देश दिया है. भगवान् की यह दिव्य लीला उनके दिव्य-धाम में निरंतर गतिमान रहती है. अपने प्रेमी साधकों के हितार्थ काल-खण्ड का निर्णय कर निज इच्छा से कभी-कभी वह इस मनोरम दृश्य की झाँकी पृथ्वी पर भी प्रस्तुत करते हैं, जिसे देख-सुन-गाकर और स्मरण-चिन्तन करके अधिकारी व्यक्ति आत्मा-परमात्मा के गूढ़तम रहस्य का ज्ञान एकत्र करते हुये अपने मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है."रासपंचाध्यायी" में वंशीध्वनि, गोपियों के अभिसार, भगवान् श्रीकृष्ण के संग उनका वार्तालाप, दिव्य रमण, श्रीराधाजी के साथ अंतर्ध्यान एवं पुनः प्राकट्य, गोपियों द्वारा प्रदान वसनासन पर विराजना, गोपियों के कूट प्रश्न का उत्तर, रास-नृत्य क्रीड़ा, जलकेलि व वनविहार का विस्तृत वर्णन किया गया है. "श्रीमदभागवत" सहित उसके "दशम स्कंध" और "रासपंचाध्यायी" पर अबतक अनेक भाष्य-टीकाएँ लिखी जा चुकी हैं, जिनके लेखकों में जगदगुरु वल्लभाचार्य, श्रीश्रीधर स्वामी, श्रीजीव गोस्वामी आदि के नाम प्रमुख हैं. इन सभी लोगों ने बड़े विस्तार से रासलीला की महिमा बतायी है. किसी ने इसे "काम-वासना" पर विजय बतलाया है, तो किसी ने उस अनन्त शक्ति का दिव्य विहार. कुछ विद्वतजन इसकी आध्यात्मिक व्याख्या भी करते हैं, जिनके अनुसार श्रीकृष्ण आत्मा, श्रीराधा प्रमुख आत्माकार वृत्ति और गोपियाँ शेष आत्माभिमुख वृत्तियों का सगुण स्वरूप हैं व उनका धाराप्रवाह आत्मरमण ही "रास" है.प्रदूषित वातावरण वाले आज के जिस भ्रमित समाज में हम सभी जीवन यापन कर रहे हैं, वहाँ मन से कलुष और व्यसनों को मिटाने हेतु रासलीला के वास्तविक अर्थ एवं उसके रहस्य को समझने की नितांत आवश्यकता है. सर्वप्रथम इस भ्रम को मिटाना होगा कि वर्तमान में "रास" नामक जिस शब्द को काम-क्रिया अथवा काम-तृप्ति का पर्यायवाची समझा जाता है, उसका वास्तविक अर्थ इन दोनों ही कर्मो से बिल्कुल विपरीत है. "रास" अर्थात जीव का ईश्वर के प्रति अनुराग. वह ईश्वर जो कहीं और नहीं, बल्कि हमारे भीतर ही रहता है. आश्विन (शरद) पूर्णिमा की धवल चाँदनी में अपनी सम्पूर्णता को प्राप्त,जीवों के मन को नियंत्रित करने वाला चन्द्रमा उन्हें ईश्वरीय अनुराग प्रदान कर जीव और ब्रह्म के रहस्य से परिचित करा सके, इसी उद्देश्य से चन्द्र कला की सर्वाधिक प्रबलता वाली इस तिथी को रासलीला से सम्बंधित स्वीकार किया गया.चिन्तन का विषय है कि यदि रासलीला का सम्बन्ध काम से होता तो आजीवन ब्रह्मचर्य का पालन करने वाले ऋषि-महर्षि उस दिव्योत्सव में सम्मिलित होने की कामना क्यों करते ? अब और अधिक भ्रमित न होते हुये शरद पूर्णिमा के पूर्ण चन्द्र की इस आभा में आइये ध्यान करें श्रीराधाकृष्ण के उस पूज्य चरणारविंद का, जिसकी शरण अवश्य ही शान्ति व मुक्ति प्रदान करने वाली है.जय राधेगोविंद.....!!!! जय-जय राधेगोविंद.....!!!!!!!* लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
युद्ध में विजय के लिये श्रीराम की शक्ति-पूजा
श्रीदुर्गा आदिशक्ति जगज्जननि हैं. भारतीय वाङ्ग्मय में उनकी महिमा का गान देवता तथा महर्षिगण सदा से करते आये हैं. यद्यपि माता दुर्गा की उपासना अनादि काल से होती आयी है, तथापि जहाँ तक ग्रंथों का सम्बंध है, ऋग्वेद परिशिष्ट में रात्रिसूक्त परिशिष्ट के बारहवें 'ऋक' में 'दुर्गा' नाम का स्पष्ट उल्लेख मिलता है.यथा-तामाग्निवर्णां तपसा ज्वलन्तीं।वैरोचनीं कर्मफलेषु जुष्टाम्।।दुर्गा देवीं शरणमहं प्रपद्ये।सुतरसि तरसे नम: ,सुतरसि तपसे नम: ।।केन उपनिषद् में हेमवती उमा का परिचय मिलता है. हिमकन्या उमा दुर्गा का ही नामान्तर मात्र है, क्योंकि ब्रम्ह की पराशक्ति विविध नामों से पुकारी जाती हैं. 'परास्य शक्तिर्विविधैव श्रूयचे।' (श्वेताश्वर उपनिषद् 6/8) इसके अनन्तर अनेक पुराणों तथा रामायण, महाभारत आदि में शक्ति-उपासना का वर्णन मिलता है.हिन्दुओं के आराध्य श्रीराम पूजित हैं महादेव शिव से, तो महादेव शिव को भी श्रीराम ने रामेश्वर रूप में स्थापित कर आराधा. इसप्रकार, रामेश्वर शब्द का अर्थ - 'राम हैं ईश्वर जिसके' अथवा 'ईश्वर हैं जो राम के', दोनों ही रुपों में विद्वानों ने परिभाषित किया है. ऐसे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान् श्रीराम के द्वारा शिव की शक्ति पराम्बा माता भगवती की आराधना का भी उल्लेख रामायण-कालीन ग्रन्थों में सुन्दर रूप में मिलता है.बात उस समय की है जब लंका में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचन्द्र एवम् राक्षसराज लंकापति रावण के मध्य छिड़े युद्ध में एकदिन प्रभु की सेना को भारी पराजय का सामना करना पड़ा. ऐसे में, युद्ध के पश्चात रात्रि में रघुवर को चिन्तित अवस्था में देख सेनाधिनायक जाम्बवान ने श्रीहनुमानजी से कहा - "पवनपुत्र ! रावण के सेना की यह विजय कोई साधारण विजय नहीं है, उसे आदिशक्ति का वरदहस्त प्राप्त है. विजय की कामना से आश्विन मास के नवरात्रि में जो भी व्यक्ति भक्ति-भाव सहित माँ की आराधना करते हैं, माँ सदैव उनपर अपनी कृपा-दृष्टि बनाये रखती हैं. इसबात से परिचित रावण ने इनदिनों माता का आवाहन कर रखा है. अतः, प्रभु श्रीराम की विजय प्राप्ति हेतु अब आप ही कोई उपाय करें. "इतना सुनते ही पवनपुत्र ने एक तीव्र गर्जना की और वीरोचित वाणी में बोलते हुये कहने लगे - "जाम्बवानजी ! प्रभु आज्ञा दें तो इसी क्षण लंकेश का मृतक शरीर भूमि पर लिटा दूँ व उसके सिर पर अपने चरणचिन्ह अंकित करता हुआ माता सीता को आदरपूर्वक लेता आऊँ. प्रभु की कृपा और आप के आशिर्वाद के फलस्वरूप मेरी भुजाओं में इतना बल है कि इस युद्ध का परिणाम मैं अभी इसीपल हमारे पक्ष में कर सकता हूँ. परन्तु, यह स्वामि की मर्यादा के विरुद्ध होगा, यही सोचकर मेरी भुजायें शिथिल पड़ी हैं." ऐसा कहते हुये महावीर बजरंगबली लंकेश के राजमहल की ओर दृष्टि अडिग कर ज़ोर-ज़ोर से अट्टहास करने लगे और अपना विशाल रूप प्रकट किया.उधर कैलाश पर्वत पर भगवान शंकर श्रीहनुमानजी का यह रूप देख जगज्जननि भवानी से कहते हैं कि पाप पर पुण्य की विजय हो सके इसके लिये आवश्यक है कि अब राक्षसराज रावण पर से उनकी छत्रछाया हटा ली जाये. किन्तु, भक्त की भक्ति के आगे विवश माता महादेव की बात मान सकने में असमर्थ थीं. दूसरी ओर, हनुमानजी का विशाल रूप और भी विशाल होता जा रहा था, जिसे देख अपने भक्त रावण की रक्षा के निमित्त माँ भवानी के नेत्र लाल हो उठे. अनिष्ट की आशंका को भांप भोलेनाथ ने एक युक्ति सोची. उन्होने भगवती से आग्रह किया कि वह हनुमानजी की माता अंजना का रूप धारण कर उन्हें सांत्वना देकर शान्त करने के लिये उनके पास जायें और उन्हें उस युक्ति से अवगत करायें जिसके द्वारा श्रीराम को रणभूमि मे विजय प्राप्त हो सके. स्वामि के आग्रह का सम्मान करते हुये माता जगदम्बा ने ऐसा ही किया. जिसके परिणामस्वरूप आश्विन शुक्ल के नवरात्रि में भगवान श्रीरामचन्द्र ने एकान्त्त स्थल पर माता दुर्गा की सविधि पूजा-अर्चना की. इस क्रम में प्रभु प्रतिदिन एक-एक पुष्प चढ़ाते जाते. इसप्रकार, आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से अष्टमि तिथि तक आठ दिन बीत गये.नवें दिन श्रीराम की भक्ति से प्रसन्न देवि माँ ने परीक्षा लेने के उद्देश्य से पूजा-थाल में रखे नौ पुष्पों में से एक पुष्प कम कर दिया. अनुष्ठान की पुर्णाहुति की बेला में पुष्पों की संख्या कम देख रघुवर चिन्तित हो उठे. बिना पुष्प पूजा अधूरी थी और पूजा के समय स्थान से उठना वर्जित. जबकि, बिना उठे पुष्प मिलता भी कहाँ से ? ऐसे में, दशरथनन्दन श्रीराम को उस क्षण का स्मरण आता है जब माता कौशल्या सहित सभी मातायें उन्हें 'पुण्डरीकाक्ष' अर्थात् 'कमल-नयन' कहकर सम्बोधित करती थीं. अपने नेत्रों को दिये गये कमल की संज्ञा के परिणामस्वरूप कौशल्यापुत्र पुष्प की कमी को पूरा करने के लिये माँ दुर्गा के चरणों में अपना दाहिना नेत्र चढाने हेतु ज्यों ही तत्पर होते हैं माता श्रीदुर्गा प्रकट हो जाती हैं व प्रसन्न मुद्रा में उन्हें विजय का आशिर्वाद प्रदान करती हैं - "श्रीराम ! मैं तुम्हारी भक्ति से अति-प्रसन्न हूँ. मेरा आशिर्वाद है कि कल रणभूमि में तुम्हारे बाणों से रावण का अन्त और तुम्हारा अपनी नित्य-संगिनी प्राणप्रिया सीता से पुनर्मिलन सुनिश्चित है. अन्याय पर न्याय का यह विजय-पर्व युग-युगान्त तक तुम्हारी जय-जयकार करवायेगा." ऐसा वचन कह माँ दुर्गा अन्तर्ध्यान हो गयीं.इसप्रकार, पूर्णब्रम्ह होते हुये भी भगवान् श्रीराम ने श्रीदुर्गा-पूजा कर उसकी महिमा सारे जग को बतायी. उन्होंने इस तथ्य को प्रत्यक्ष कर दिया कि शत्रु चाहे कितना भी बलशाली व पराक्रमी क्यों न हो भगवति अम्बिका की आराधना से विजय के मार्ग स्वत: ही प्रशस्त हो जाते हैं. आवश्यक है तो केवल भावना और आचरण की पवित्रता, जो कि श्रीराम एवम् रावण की पूजा-पद्धतियों को अलग-अलग श्रेणियों मे विभक्त करती है.
लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
भारतीय संस्कृति में श्राद्धकर्म
भारतीय संस्कृति के अनुसार शास्त्रों में आश्विन कृष्ण-पक्ष की प्रतिपदा से अमावस्या तक श्राद्ध करने का विधान बतलाया गया है . 15 दिनों का यह पूरा पक्ष 'श्राद्ध' अथवा 'पितृपक्ष' कहलाता है. अपने पितरों की आत्मा की शान्ति के निमित्त किया जाने वाला श्राद्ध मानव-जीवन का एक महत्वपूर्ण कर्म है.भारत के पूर्व में स्थित शहर गया को पितृ-तीर्थ माना जाता है. कहते हैं यहाँ श्राद्ध करने पर मृत आत्माओं को मुक्ति की प्राप्ति होती है.हमारे धार्मिक ग्रंथों में श्राद्धकर्म से सम्बंधित बहुत से आख्यान भरे पड़े हैं. भगवान श्रीराम जब रूद्रपद में आकर पिण्डदान करने के लिए उद्द्यत हुए, तब उनके स्वर्गवासी पिता महाराज दशरथ हाथ फैलाये उनके सम्मुख प्रकट हुए. शास्त्र की आज्ञानुसार, प्रभु ने उनके हाथ में पिण्डदान न देकर रूद्रपद पर ही उस पिण्ड को रखा. तब दशरथजी ने उनसे कहा - 'पुत्र ! तुमने मुझे तार दिया. रूद्रपद पर पिण्ड देने से मुझे परम शांति-प्रदायक रूद्र अर्थात शिवलोक की प्राप्ति हुयी है. तुम चिरकाल तक राज्य का शासन, अपनी प्रजा का पालन तथा विश्व-कीर्ति यज्ञों का अनुष्ठान करके अपने परमधाम विष्णुलोक को जाओगे.एक अन्य वर्णन में द्वापर युग में गंगापुत्र भीष्म ने गया तीर्थ में विष्णुपद पर अपने पितरों का आवाहन करके विधिपूर्वक श्राद्ध किया था. जब वे पिण्डदान देने चले तब गयासिर में उनके पिता महाराज शान्तनु के दोनों हाथ सामने निकल आये. शास्त्र में हाथ पर पिण्डदान करना वर्जित है, ऐसा विचार कर भीष्मजी ने भूमि पर ही पिण्डदान किया. अपने पुत्र के इस व्यवहार से संतुष्ट होकर आत्मा-रूप महाराज शान्तनु ने उन्हें त्रिकाल दर्शी होने तथा इच्छा-मृत्यु के साथ ही साथ मृत्यु उपरान्त वैकुण्ठ लोक की प्राप्ति का वरदान दिया और स्वयं जीवन-मरण के क्रम से मुक्त हुये.नि:सन्देह आज के इस वैज्ञानिक युग मे भी हिन्दू व्यक्ति पितरों के प्रति श्राद्ध तथा अन्य कर्मों को विशेष श्रद्धा और आदरभाव से करते हैं. इतिहासकार आक़िल खान ने अपनी पुस्तक 'वाक़ेआत आलमगीरी' मे मुगल सम्राट शाहजहाँ के उस पत्र का उल्लेख किया है, जिसमें उन्होंने अपने पुत्र औरंगजेब द्वारा बन्दी बनाये जाने पर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुये लिखा था - " ऐ पिसर ! तू अजब मुसलमानी, बा पिदरे ज़िंदा आब तरसानी। आफ़रीन बाद हिन्दवान सदबार, मैं देहंद पिदरे मुर्दा रावा दायम आब। " अर्थात् " हे पुत्र ! तू भी विचित्र मुसलमान है, जो अपने पिता को जल के लिये भी तरसा रहा है। शत-शत बार प्रशंसनीय हैं वे हिन्दू, जो अपने मृत पिता को भी जल देते हैं।"महर्षि पराशर ने श्राद्ध का लक्षण बताते हुये कहा है कि देश, काल तथा पात्र में हविष्यादि विधि द्वारा जो कर्म तिल, यव और दर्भ (कुशा) आदि से मंत्र का उच्चारण करते हुये श्रद्धापूर्वक किया जाये, उसे 'श्राद्ध' कहते हैं.श्रद्धा एवम् विश्वासपूर्वक किये गये श्राद्ध में पिण्डों पर गिरी हुयी पानी की नन्हीं-नन्हीं बूँदों से पशु-पक्षियों की योनि में पड़े पितरों का पोषण होता है जबकि, बाल्यावस्था में ही मृत्यु को प्राप्त होने वालों की आत्मायें सम्मार्जन के जल से ही तृप्त हो जाती हैं. श्राद्ध का महत्व तो यहाँ तक है कि श्राद्ध में भोजन करने के उपरान्त जो आचमन किया जाता है और पैर धोते हैं, बहुत से पित्रृ-गण उसी से सन्तुष्ट हो जाते हैं. बन्धु-बान्धवों के साथ अन्न-जल से किये गये श्राद्ध की तो बात ही क्या. केवल श्रद्धा-प्रेम से शाक द्वारा किये गये श्राद्ध से भी पित्रृ तृप्त होते हैं.वस्तुत:, पूर्ण आस्था सहित भक्तिपूर्वक शास्त्रोक्त विधि से किया गया श्राद्ध हर प्रकार से कल्याणप्रद होता है. पित्रृ-पक्ष के साथ पितरों का विशेष सम्बन्ध रहता है, अत: शास्त्रों में इस समयावधि में श्राद्ध करने की विशेष महिमा बतलायी गयी है. पुनर्जन्म में विश्वास करनेवाली हिन्दू-संस्कृति के लिये श्राद्ध के महत्व को नकार पाना असम्भव है.
" श्रद्धासमन्वितैर्दत्तम् पित्रृभ्यो नाम गोत्रात:,यदा हारस्तु ते जटार्ताधारात्वमेति तत्।। " (विष्णुपुराण-3/16/16)अर्थात्, " श्राद्धवान पुरुषों के द्वारा नाम तथा गोत्र का उच्चारण करके जो कुछ अन्न आदि दान दिया जाता है, वह पितरों को वे जैसे आहार योग्य होते हैं, वैसे ही परिवर्तित होकर मिल जाता है।" जैसे आहार योग्य होने का तात्पर्य यहाँ उस योनि से है, जिस योनि में उनकी आत्मा ने पुनर्जन्म पाया होगा. दूसरी योनि में चले जाने पर भी श्राद्ध का नि:सन्देह उपयोग है.कर्मानुसार मनुष्य, पशु-पक्षी आदि स्थूल योनियों की प्राप्ति करने वाले पितरों को उनके निमित्त पूर्वजन्म की सन्तान द्वारा दान दिये गये पदार्थ वर्तमान जन्म में उपयोग किये जाने वाले पदार्थ स्वरूप परिवर्तित होकर मिलते हैं.यह पूछा जा सकता है कि जीव की मुक्ति हो जाने पर श्राद्ध की क्या सार्थकता रह जायेगी ? परन्तु, पूर्वजों की आत्माओं की मुक्ति होने न होने के ज्ञान से अनभिज्ञ व्यक्ति के लिये उचित यही हो सकता है कि वह इस श्राद्ध-कर्म को करता रहे. क्योंकि, मुक्ति प्राप्त आत्माओं के लिये किये गये श्राद्ध का सत्कर्म स्वयं श्राद्ध करनेवाले के संचित में लौट आयेगा ऐसा शास्त्रों में उल्लेख है. इसप्रकार, यह मानव-जीवन का एक बहुत ही महत्वपूर्ण कर्म व सभी के लिये आवश्यक है।लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
रस-ब्रह्म के विग्रह : श्रीराधाकृष्ण
भारतीय साहित्य में राधा-कृष्ण को पूर्ण परात्पर ब्रह्म माना जाता है. 'अंक-ब्रह्म-मीमांसा' के अनुसार भी विद्वानों ने राधिका और कृष्ण को संयुक्त रूप से ही पूर्ण परात्पर ब्रह्म सिद्ध किया है. 'अंक-ब्रह्म-मीमांसा' के अनुसार 108 अंक को पूर्ण ब्रह्म का स्वरुप मानते हैं. 'राधिका' और 'कृष्ण' शब्द में जितने स्वर और व्यंजन हैं, उनका कुल योग 108 ही आता है.यथा, राधिका शब्द में- र +आ +ध+इ+क+आ अक्षर हैं. 'र' है 27वाँ व्यंजन, 'आ' है दूसरा स्वर, 'ध' है 19वाँ व्यंजन, 'इ' है तीसरा स्वर, 'क' है पहला व्यंजन तथा 'आ' है दूसरा स्वर, जिनका पूर्ण योग हुआ- 27+2+19+3+1+2 =54.इसीप्रकार, कृष्ण शब्द में- क +ऋ+ष+ण अक्षर समाहित हैं. 'क' है पहला व्यंजन, 'ऋ' है 7वाँ स्वर, ष है 31वाँ व्यंजन तथा ण है 15वाँ व्यंजन, जिनका पूर्ण योग बनता है- 1+7+31+15 =54.इन दोनों पूर्णांकों के योग से पूर्ण ब्रह्म के अंक सृजित होते हैं, 54+54= 108इसप्रकार, निःसंदेह दोनों का पूर्णब्रह्मत्व व अभिन्नता सिद्ध होती है,.साथ ही यह भी दृष्टिगोचर होता है कि एक दूसरे के बिना दोनों का अस्तित्व अधूरा है. उनके युगल रूप की पूजा ही पूर्ण एवं फलदायी है.·“ गिरा अरथ जल बीचि सम,कहिअत भिन्न न भिन्न,बंदऊँ राधेश्याम पद,जिन्हहिं परम प्रिय खिन्न.”
* लेखक : गौरीशंकर श्रीवास्तव " दिव्य "
Subscribe to:
Posts (Atom)
Copyright © 2013-17, Aashutosh Srivastava for
All Rights Reserved
No part of this blog or any of its contents may be reproduced, copied, modified or adapted, without the prior written consent of the author, unless otherwise indicated for stand-alone materials.
You may share this blog by any of the following means:
1. Using any of the share icons at the bottom of each page (Google Mail, , Twitter, Facebook, GoogleBuzz).
2. Providing a back-link or the URL of the content you wish to disseminate, and
3. You may quote extracts from the website with attribution to -
http://www.divyasahitya..in
For any other mode of sharing, please contact the author at the MAIL BOX below.
Commercial use and distribution of the contents of the blog is not allowed without express and prior written consent of the author.







.jpg)


